Thursday, July 30, 2009

कुणाल भादू ने बांटे दस हजार पौधे

फतेहाबाद : नवयुग निर्माण संस्था के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के दामाद कुनाल भादू ने दो दिन में लगभग दस हजार पौधे वितरित कर पौधारोपण अभियान चलाया है। उन्होंने आज गाव भट्टू कला, सुलीखेड़ा, खाबड़ा, गदली, रामसरा व ढाबी कला में पर्यावरण व कन्या भू्रण हत्या पर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि अगर जल का दोहन होता रहा तो वह दिन दूर नहीं, जब हमें एक-एक बूंद पानी के लिए तरसना पड़ेगा। आज पर्यावरण की समस्या अंतरराष्ट्रीय समस्या बन गई है इसलिए हाल ही में हुए गुटनिरपेक्ष देशों के सम्मेलन में बिगड़ते पर्यावरण पर गंभीरता से मंथन किया गया है। उन्होंने लोगो से आह्वान किया कि वे पर्यावरण को संरक्षण देने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाएं, ताकि जीवन को बचाया जा सके। उन्होंने समाज में फैल रही कन्या भू्रण हत्या पर भी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अगर बेटी को कोख में ही मार दिया जाएगा तो समाज में असंतुलन पैदा हो जाएगा। बेटी अभिशाप न होकर एक वरदान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी लड़कियों की शिक्षा व उनके उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। लोगों को ज्यादा से ज्यादा इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। इस अवसर पर उनके साथ काग्रेस चिकित्सक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डा. विरेंद्र सिवाच, रामनिवास काजलहेड़ी, दलीप सिंह बीघड़ सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद थे।

No comments: