Saturday, September 27, 2008

भाजपा-इनेलो में गठबंधन तय, 6:4 अनुपात पर चुनाव लड़ेगी भाजपा व इनेलो

नईदिल्ली 27 सितम्बर: हरियाणा में लोकसभा चुनावों में भाजपा को लेकर इनेलो व हजकां के बीच जारी जंग में बाजी अंतत: इनेलो के पक्ष में रही। हजकां से समझौते की तमाम सम्भावनाओं को दरकिनार करते हुए भारतीय जनता पार्टी आलाकमान ने लोकसभा चुनावों में इनेलो से गठबंधन करने पर अपनी मुहर लगा दी है। सुत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा में इनेलो व भाजपा ब्:म् के अनुपात पर चुनाव लड़ेंगे। इनेलो सिरसा, हिसार, भिवानी व कुरुक्षेत्र से अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेगी। भारतीय जनता पार्टी रोहतक, गुड़गांव, फरीदाबाद, करनाल, अम्बाला, सोनीपत से अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेगी। ख्म् सितम्बर को सोनीपत में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में हरियाणा प्रभारी भाजपा नेता विजय गोयल ने अपने संबोधन में भाजपा नेताओं को स्पष्ट संकेत दे दिया कि भाजपा लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को पछाड़कर सत्ता पर काबिज होने की रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हरियाणा में उसी राजनीतिक दल के साथ समझौता किया जाएगा जिसके साथ मिलकर ज्यादा से ज्यादा लोेकसभा सीटें जीती जा सके। इनेलो के साथ भाजपा के चुनावी समझौते को करवाने में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज ने अहम भूमिका निभाई है। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की भी इस समझौते में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रही है। हरियाणा के भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु, कैलाश शर्मा भी चौटाला के पैरोकार रहे हैं वहीं इनेलो भाजपा समझौते का भाजपा के कुछ नेता जिनमे ओमप्रकाश धनखड़, रामबिलास शर्मा, किशन सिंह सांगवान, गणेशीलाल शामिल है, अब भी इनेलो से समझौते का विरोध कर रहे हैं। सुत्रों ने बताया कि भाजपा आलाकमान इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला से हरियाणा लोकसभा चुनावों में किए गए समझोते की हर बात यहां तक कि चुनाव मैदान में उतारे जाने वाले दोनों दलों के उम्मीदवारों को भी तय कर चुकी है। इनेलो अपनी चार सीटों भिवानी से सांसद अजय चौटाला, हिसार से पूर्व वित्तमंत्री सम्पत्त सिंह, कुरुक्षेत्र से पूर्व सांसद कैलाशो सैनी व सिरसा से बीडी ढालिया या डा. सुशील इंदौरा में से एक को अपना उम्मीदवार घोषित करेगी। सिरसा सीट पर डा. सुशील इंदौरा को उम्मीदवार बनाए जाने के सामने उनका ऐलनाबाद से विधायक होना आडे़ आ रहा है। डा. सुशील इंदौरा ने सिरसा से सांसद चुने जाने पर इनेलो को ऐलनाबाद से विधानसभा उपचुनाव का सामना करना पड़ेगा। पार्टी इसी बात को लेकर बीडी ढालिया को सिरसा से चुनाव लड़ाने का मन बना रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी रोहतक से कैप्टन अभिमन्यु, सोनीपत से किशन सिंह सांगवान, अम्बाला से रतनलाल कटारिया, फरीदाबाद से रामचंद्र बैंदा को अपना उम्मीदवार बनाने जा रही है। भाजपा करनाल में पूर्व सांसद आईडी स्वामी की जगह इस बार किसी नए चेहरे को चुनाव मैदान में उतारने के मूढ में है। गुड़गांव सीट पर भी भाजपा के कई नेताओं के नाम चर्चा में है।
इनेलो भाजपा के बीच लोकसभा चुनावों को लेकर हुए गठबंधन की घोषणा अगले सप्ताह किसी भी दिन इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला व भाजपा सुप्रीमो लालकृष्ण अडवाणी संयुक्त पत्रकार वार्ता में किए जाने की सम्भावना है।

एक युवक व दो युवतियों ने की सामूहिक आत्महत्या

फतेहाबाद, 27 सितम्बर (प्रदीप धानियां): जाखल रेलवे स्टेशन पर दो युवतियों एवं एक युवक ने सामूहिक तौर पर कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। जाखल रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज किया है। तीनों मृतक 21 सितम्बर को जींद से फरार हुए थे। मृतक लड़कियों की पहचान 19 वर्षीय मीनु (+2 छात्रा) व 13 वर्षीय टीना जोकि आठवीं कक्षा की छात्रा है के रुप में हुई है जबकि लड़के की पहचान नही हो सकी। तीनों शवों का पोस्टमार्टम सामान्य अस्पताल टोहाना में किया गया। मृतक मीनु एवं टीना का शव उसके भाई मनोज एवं पिता राममेहर को सौंपा दिया गया है। मृतक लड़के का शव सामान्य अस्पताल के शव गृह में शिनाख्त के लिए रखा गया है। रेलवे पुलिस ने मृतकों के पास से सुसाईड नोट एवं मीनु के हाथ पर लाल पैन से मोबाईल नं. 9416101856 लिखा था जो मृतका के भाई मनोज का था। सुसाईड नोट में कहा गया था कि उपरोक्त नम्बर पर सूचना देकर उनके शव को उनके परिजनों को सौंपा जाए। सुसाईड नोट में मरने का कारण नही बताया गया।पुलिस मुताबिक बीती रात्रि को करीब दो बजे बेहोशी की हालत में टीना(13) जाखल रेलवे प्लेटफार्म पर पंहुची और उसने इशारे से बताया कि वह मर रही है और दो पंजाब सीमा तरफ बाहरी सिग्नल के पास है। पुलिस खोज करते हुए वहां पंहुची तो युवक व युवती आखरी सांस ले रहे थे। पुलिस ने वहां से कीटनाशक की शीशी एवं एक पैप्सी बरामद की है। तीनों ने पैप्सी में मिलाकर दवाई सेवन की थी। मेडीकल जांच मुताबिक मृतक लड़के की आयु 22 वर्ष बताई है। तीनों की तलाशी लेने पर ब्यास (पंजाब) से जींद तक की रेलवे टिकटे बरामद हुई। तीनों के पास मामूली सी राशि भी बरामद की गई है।सामान्य अस्पताल टोहाना में मीनू एवं टीना के भाई मनोज ने बताया कि उन्होंने कुछ महीने पहले गांव करेला में कृषि भूमि 17 लाख रुपए में बेची थी और 10 लाख रुपए में जींद शहर में मकान खरीदा था। उसकी दोनो मृतक बहनें 21 सितम्बर को पढने गई थी और सात लाख रुपयों सहित लापता हो गई थी। उसने आरोप लगाया कि मृतक लड़के ने सात लाख रुपए उड़ाए है। रेलवे पुलिस ने मीनु व टीना के शवों का पोस्टमार्टम कर शव उसके भाई मनोज को सौंप दिया गया व मृतक लड़के की शिनाख्त के लिए जींद व आसपास के थानों में सूचना दे दी गई है।

पानीपत की रैली में भारी जनसैलाब उमड़ेगा: कुलबीर

फतेहाबाद, 27 सितम्बर: आगामी 2 अक्तूबर को महात्मा गांधी जयन्ती के अवसर पर पानीपत के हुडा मैदान में आयोजित सामाजिक क्रातिं समारोह में बहुत बड़ा जनसैलाब उमड़कर यूपीए अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी व मुख्यमन्त्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का आभार व्यक्त करेगें।
यह दावा भट्टूकलां के विधायक कुलबीर बैनीवाल ने आज जारी एक ब्यान में किया। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर यूपीए अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी पिछड़े वर्ग व गरीब परिवारों को सौ-सौ वर्ग गज के मुफ्त रिहायशी प्लाटों के मालिकाना हक आंवटन पत्र वितरण का शुभारम्भ करेगी। उन्होंने कहा कि इस दिन महात्मा गांधी व राजीव गांधी का सपना साकार होगा कि प्रत्येक भारतवासी को रहने के लिए मकान उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि पानीपत में आयोजित सामाजिक क्रातिं समारोह के प्रति अनुसूचित जाति,पिछड़े वर्ग व गरीब लोगों में भारी उत्साह है। इस समारोह को सफल व ऐतिहासिक बनाने के लिए गरीब लोगों का उत्साह देखते ही बनता है। उन्होने कहा कि हरियाणा के पिछड़े वर्ग व अनुसूचित जाति तथा गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले गरीबों के लिए मुख्यमन्त्री हरियाणा श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने सौ-सौ वर्ग गज के प्लाट मुफ्त देने व उन पर मकान बनाने की सुविधा देने का निर्णय लेकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। इससे गरीब परिवारों के लोग प्रसन्न हो कर यूपीए अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी व मुख्यमन्त्री हरियाणा का सम्मान कर आभार जताने के लिए 2 अक्तूबर को सामाजिक क्रातिं समारोह का आयोजन किया है।

बजरंगदल के अध्यक्ष को उठा ले गई पुलिस

फतेहाबाद, 27 सितम्बर: बजरंग दल टोहाना के अध्यक्ष आशीश चावला को बीती रात्रि पंचकुला पुलिस उसके निवास रामनगर टोहाना से उठाकर ले गई। पंचकुलां पुलिस ने थाना टोहाना में बगैर किसी सूचना के उसके मकान पर छापा मारा व घर की छानबीन करने के बाद उसे साथ ले गई। आज प्रात: से ही आशीश चावला के मकान पर ताला लगा है, बाकि सदस्य भी नही मिल सके। मिली जानकारी के अनुसार आशीश चावला पर चोरी की गाड़ियां बेचने व रजिस्ट्रेशन कापियों में धोखाधड़ी के आरोप है। मिली जानकारी के अनुसार पंचकुला पुलिस की विशेष टीम द्वारा महंगी कारों के चोर गिरोह को काबू करने पर टोहाना शहर के दो व्यक्तियों के नाम आने पर कार्रवाई हुई है। चंडीगढ रोड़ पर एक कार मिस्त्री भी फरार बताया गया है।