Saturday, July 18, 2009

रविवार को हो सकती है झमाझम बरसात

हिसार. मानसून की बेरूखी से परेशान शहर की जनता को दो दिन में राहत मिल सकती है। भारतीय मौसम विभाग ने क्षेत्र में रविवार को मानसून की बरसात होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की यह संभावना सच साबित होती है तो लोगों को गर्मी से तो राहत मिलेगी ही, किसानों की फसलों को भी फायदा होगा। मानसून के पिछले कुछ सालों के ट्रेंड पर नजर डालें तो उसके हिसाब से इस बार मानसून सामान्य रहना चाहिए। लेकिन मौसम विभाग के अनुसार मानसून सामान्य से कम रहेगा। देश में मानसून की अवधि मई के आखिरी सप्ताह से लेकर सितंबर के अंत तक रहती है।
हिसार में मानसून की अवधि जुलाई के प्रथम सप्ताह से लेकर सितंबर के मध्य तक रहती है। वर्ष 2001 के बाद के आंकड़ों पर नजर डालें तो हिसार में मानसून की स्थिति हर वर्ष बदली है। वर्ष 2001 में मानसून सामान्य से अधिक, 2002 में बहुत कम, 2003 में अधिक, 2004 में कम, 2005 में अधिक बारिश हुई। इसी तरह 2006 में कम, 2007 में सामान्य व 2008 में मानसून सामान्य से अधिक रहा है। इस बार मानसून सामान्य से कम रहने की संभावना है। 2001 से लेकर अब तक हिसार में मानसून प्रवेश की तारीख तो सामान्य तारीख के आसपास ही रही है।
उमस है अधिक
14 जुलाई को हुई 24.4 एमएम बरसात बाद से ही क्षेत्र में उमस का प्रभाव अधिक चल रहा है। शहर का अधिकतम तापमान 38 से लेकर 40 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है और न्यूनतम तापमान 28-29 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। मगर, आद्रता का स्तर 60 प्रतिशत से अधिक चलने के कारण लोगों को उमस ने परेशान कर रखा है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मानसून आने की संभावना: हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. दीवान सिंह के अनुसार क्षेत्र में शनिवार को बादल छाए रहने व रविवार को मानसून की बरसात होने की संभावना है। इस दौरान 9 से 16 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी।

No comments: