Wednesday, October 01, 2008

जहां वृद्धों का सम्मान नही वो घर नरक समान: अहलावत

फतेहाबाद,1अक्तूबर: स्थानीय पंचायत भवन में अंर्तराष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर एक समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि जिला उपायुक्त जे एस अहलावत थे। समारोह को संबोधित करते हुए जिला उपायुक्त जे एस अहलावत ने कहा कि जिस घर में वृद्धों का सम्मान नही होता वह घर नरक के समान होता है। जिस देश व प्रदेश में वृद्धों का सम्मान होता है तो वे देश व प्रदेश उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ते है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता को उच्च दर्जा हासिल है। उन्हें भगवान से भी बढ़कर दर्जा दिया गया है। इसलिए हमें भारतीय संस्कृ़ति की पालना करते हुए वृद्धों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले संयुक्त परिवारों में लोग एक साथ एक छत के नीचे जीवन यापन करते थे और घर के बुजुर्ग के मान-सम्मान करते थे। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में परिवारों का बिखराव हुआ है और वृद्धों के सम्मान में भी कमी आई है। उन्हाेंने आह्वान किया कि हमें अपने सिद्धांतों को बरकरार रखते हुए वृद्धों के सम्मान को बढाना होगा। जिला उपायुक्त ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने वृद्धों के सम्मान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाए लागू की है। वृद्धों को भी इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 60 व्ार्ष की आयु वाले वृद्धों को 300 रूपए मासिक पैंशन के रूप में दिए जा रहे हैं। सरकार द्वारा व्ाृद्ध आश्रम खोले गए है। इन आश्रमों में खान-पान व रहने की सुविधा दी गई है। उन्हाेंने कहा कि सीनियर सिटीजन की समस्याओं के लिए समय-समय पर मिटिंग कर उनकी समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जाता है। उनके पहचान पत्र भी समय-समय पर जारी किए जाते हैं। इससे पूर्व जिला उपायुक्त जे एस अहलावत ने बाल कल्याण परिषद में वृद्ध कल्याण भवन का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक परिषद के अध्यक्ष डा. राधेश्याम टाटिंयां ने उपायुक्त का स्वागत करते हुए कहा कि बाल कल्याण भवन में स्थापित वृद्ध कल्याण भवन में बुजुर्गो के लिए आंतरिक खेल, मंनोरजन, समाचार पत्र व पत्रिकाओं के पढ़ने की सुविधाएं, स्वास्थ्य संबधिं जांच की सुविधा व दोपहर में जलपान की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि एक आंकलन के अनुसार देश में 8.7 करोड़ के लगभग वरिष्ठ नागरिक हैं। प्रत्येक बारहवां नागरिक वरिष्ठ नागरिक की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बुजुर्गों के मान-सम्मान के लिए बनाए गए कानून की विस्तार से जानकारी दी। इसके इस अवसर पर उन्होंने बुजुर्गों की आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा के लिए एक मांग पत्र भी जिला उपायुक्त को सौंपा।
इस अवसर पर वृद्धों ने स्वागत गीत गाकर जिला उपायुक्त का स्वागत किया। इस मौके पर जिला उपायुक्त ने बुजुर्गों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वेदप्रकाश गर्ग ने वरिष्ठ नागरिक परिषद को 11 हजार रूपए की राशि भेंट की। जिला रैडक्रास सोसायटी ने वृद्धों को श्रवण यंत्र भी वितरित किए। पूर्व विधायक बलबीर चौधरी ने बुजुर्ग खिलाड़ियों को 2100 रूपए की राशि प्रोत्साहन स्वरूप भेंट की। इस अवसर पर नगराधीश सतीश जैन, देवराज बतरा, कामरेड कृष्ण स्वरूप, माधोराम एडवोकेट, सिविल सर्जन जेके बिश्रोई, डीएसओ सत्यवान ढिलोड, जिला बाल कल्याण अधिकारी हेमराज लूथरा, बलवंत सिंह सेठी, भागचंद तनेजा, पीओआईसीडीएस आशा सेतिया, रैडक्रास सचिव नरेश झाझड़ा, एसएमओ एचएल गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक मौजूद थे।

No comments: