Wednesday, July 29, 2009

संपत्त सिंह व अजय चौटाला 30 को होंगे आमने-सामने!

फतेहाबाद: जिले में एक बार फिर राजनीतिक पारा चरम पर आ गया है। सभी राजनीतिक पार्टियों ने विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिए कमर कस ली है और आने वाले एक सप्ताह के दौरान राजनीतिक हलचल काफी तेज होने जा रही है।
जिले में पहली बार इनेलो को अलविदा कह कर कांग्रेस का दामन थाम चुके पूर्व वित्तमंत्री प्रोफेसर संपत्त सिंह व इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव 30 जुलाई को एक दूसरे के खिलाफ पहली बार प्रचार करने जा रहे है। इसके अलावा इसके तीन दिन बाद ही कांग्रेस सांसद अशोक तंवर भी स्थानीय अनाजमंडी में धन्यवादी रैली आयोजित करेगे।
वर्तमान राजनीतिक हालात में इनेलो व कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के नेताओं की सक्रियता देखने को मिलेगी। राज्य सभा सांसद अजय सिंह चौटाला प्रोफेसर संपत्त सिंह के गृह क्षेत्र भट्टूं में 30 जुलाई को दौरा कर रहे है, वहीं प्रोफेसर संपत्त सिंह ने इसी दिन फतेहाबाद में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी की हुई है। इनेलो से नाराजगी के दौरान अजय सिंह चौटाला के मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा का विरोध कर चुके प्रोफेसर संपत्त सिंह कांग्रेस में शामिल होने के बाद पहली बार नई पार्टी के लिए प्रचार करेगे और स्थानीय जवाहर चौक में शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे है। राजनीतिक हालात में ट्विस्ट इसलिए ज्यादा आ गया है, क्योंकि सांसद अजय सिंह चौटाला ने भी इसी दिन भट्टूं में इनेलो को मजबूत करने के लिए दौरे निर्धारित किए हुए है। कभी एक साथ नजर आने वाले दोनों नेता इस दिन एक दूसरे की पार्टी के खिलाफ खुलकर बोलेंगे, इस बात की पूरी संभावना है। उधर सांसद अशोक तंवर ने भी फतेहाबाद में 2 अगस्त को धन्यवादी रैली आयोजित करने की घोषणा कर दी है। इस रैली में मुख्यमंत्री चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा मुख्य अतिथि होंगे। जिला प्रशासन ने इस रैली की तैयारियों के लिए अधिकारियों को तैनात कर दिया है। उम्मीद है कि यह रैली स्थानीय अनाजमंडी के मैदान में आयोजित होगी। गौरतलब है कि 27 जुलाई को कांग्रेस नेता प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा ने अपने गांव में हर्बल पार्क के लोकार्पण अवसर पर रैली आयोजित कर राजनीतिक गर्माहट की शुरूआत कर दी थी। आज मुख्यमंत्री चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के दामाद कुणाल भादू ने भी विभिन्न गांवों का दौरा कर विधानसभा चुनावों की आहट लोगों तक पहुंचा दी है।

No comments: