Monday, August 03, 2009

फतेहाबाद रैली: टिकटार्थियों की पीठ ठोक गए सीएम

फतेहाबाद, ( प्रदीप धानिया ) : अनाजमंडी में आयोजित रैली में मुख्यमंत्री ने बेशक कोई बड़ी घोषणा नहीं की, लेकिन उन्होंने फतेहाबाद से टिकट के सभी दावेदारों को खुश रखा। दावेदारों ने भी मुख्यमंत्री को अपना बनाए रखने का वायदा करवाने का पूरा प्रयास किया। इनेलो छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए प्रोफेसर संपत सिंह ने अपने भाषण में मुख्यमंत्री भूपंद्र सिंह हुड्डा की तारीफों के पुल बांधे, वहीं इनेलो पर 32 साल के दौरान बदले की भावना की राजनीति करने आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे कांग्रेस में केवल मान सम्मान के लिए शामिल हुए है और उन्होंने किसी अन्य चीज का कोई लालच नहीं है। पूर्व सांसद डॉ। सुशील इंदौरा ने सधे शब्दों में मुख्यमंत्री की तारीफ तो की, लेकिन इनेलो के बारे कम ही चर्चा की। संसदीय सचिव दुड़ाराम ने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि दो साल पूर्व मुख्यमंत्री ने इसी अनाजमंडी में हुई रैली में घोषणा की थी कि वे जिस व्यक्ति से हाथ मिलाते है तो छोड़ते नहीं है। संसदीय सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने वादे पर खरे उतरे है और आगे भी पूरा निभाएं। संसदीय सचिव ने फतेहाबाद व भट्टूं हलके की मांगों को प्रमुखता से रखा। भट्टूं के विधायक कुलबीर बैनीवाल भी सधे हुए शब्दों में ही बोले। मुख्यमंत्री ने मंच पर सभी टिकटार्थियों को बुलाकर उन्हे थपकी देकर खुश कर दिया। उन्होंने कुणाल भादू, अरविंद शर्मा, प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा को अपने पास बुलाकर बातचीत की। मंच पर सांसद अशोक तंवर, प्रोफेसर संपत सिंह, संसदीय सचिव दुड़ाराम, डॉ। सुशील इंदौरा, योजनाबोर्ड के उपाध्यक्ष रणजीत सिंह, पूर्व सांसद आत्मासिंह गिल को अग्रिम पंक्ति में बैठाया गया।

No comments: