Saturday, September 27, 2008

भाजपा-इनेलो में गठबंधन तय, 6:4 अनुपात पर चुनाव लड़ेगी भाजपा व इनेलो

नईदिल्ली 27 सितम्बर: हरियाणा में लोकसभा चुनावों में भाजपा को लेकर इनेलो व हजकां के बीच जारी जंग में बाजी अंतत: इनेलो के पक्ष में रही। हजकां से समझौते की तमाम सम्भावनाओं को दरकिनार करते हुए भारतीय जनता पार्टी आलाकमान ने लोकसभा चुनावों में इनेलो से गठबंधन करने पर अपनी मुहर लगा दी है। सुत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा में इनेलो व भाजपा ब्:म् के अनुपात पर चुनाव लड़ेंगे। इनेलो सिरसा, हिसार, भिवानी व कुरुक्षेत्र से अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेगी। भारतीय जनता पार्टी रोहतक, गुड़गांव, फरीदाबाद, करनाल, अम्बाला, सोनीपत से अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेगी। ख्म् सितम्बर को सोनीपत में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में हरियाणा प्रभारी भाजपा नेता विजय गोयल ने अपने संबोधन में भाजपा नेताओं को स्पष्ट संकेत दे दिया कि भाजपा लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को पछाड़कर सत्ता पर काबिज होने की रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हरियाणा में उसी राजनीतिक दल के साथ समझौता किया जाएगा जिसके साथ मिलकर ज्यादा से ज्यादा लोेकसभा सीटें जीती जा सके। इनेलो के साथ भाजपा के चुनावी समझौते को करवाने में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज ने अहम भूमिका निभाई है। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की भी इस समझौते में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रही है। हरियाणा के भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु, कैलाश शर्मा भी चौटाला के पैरोकार रहे हैं वहीं इनेलो भाजपा समझौते का भाजपा के कुछ नेता जिनमे ओमप्रकाश धनखड़, रामबिलास शर्मा, किशन सिंह सांगवान, गणेशीलाल शामिल है, अब भी इनेलो से समझौते का विरोध कर रहे हैं। सुत्रों ने बताया कि भाजपा आलाकमान इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला से हरियाणा लोकसभा चुनावों में किए गए समझोते की हर बात यहां तक कि चुनाव मैदान में उतारे जाने वाले दोनों दलों के उम्मीदवारों को भी तय कर चुकी है। इनेलो अपनी चार सीटों भिवानी से सांसद अजय चौटाला, हिसार से पूर्व वित्तमंत्री सम्पत्त सिंह, कुरुक्षेत्र से पूर्व सांसद कैलाशो सैनी व सिरसा से बीडी ढालिया या डा. सुशील इंदौरा में से एक को अपना उम्मीदवार घोषित करेगी। सिरसा सीट पर डा. सुशील इंदौरा को उम्मीदवार बनाए जाने के सामने उनका ऐलनाबाद से विधायक होना आडे़ आ रहा है। डा. सुशील इंदौरा ने सिरसा से सांसद चुने जाने पर इनेलो को ऐलनाबाद से विधानसभा उपचुनाव का सामना करना पड़ेगा। पार्टी इसी बात को लेकर बीडी ढालिया को सिरसा से चुनाव लड़ाने का मन बना रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी रोहतक से कैप्टन अभिमन्यु, सोनीपत से किशन सिंह सांगवान, अम्बाला से रतनलाल कटारिया, फरीदाबाद से रामचंद्र बैंदा को अपना उम्मीदवार बनाने जा रही है। भाजपा करनाल में पूर्व सांसद आईडी स्वामी की जगह इस बार किसी नए चेहरे को चुनाव मैदान में उतारने के मूढ में है। गुड़गांव सीट पर भी भाजपा के कई नेताओं के नाम चर्चा में है।
इनेलो भाजपा के बीच लोकसभा चुनावों को लेकर हुए गठबंधन की घोषणा अगले सप्ताह किसी भी दिन इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला व भाजपा सुप्रीमो लालकृष्ण अडवाणी संयुक्त पत्रकार वार्ता में किए जाने की सम्भावना है।

No comments: