Friday, September 26, 2008

सरकार ने सम्मान दिवस रैली में जाने से लोगों को रोका : अजय चौटाला




फतेहाबाद,26 सितम्बर,(निस)। इण्डियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव सांसद अजय चौटाला ने शुक्रवार को फतेहाबाद में इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कुलजीत कुलड़िया के आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा हरियाणा सरकार इनेलो को मिल रहे जनसमर्थन को देखकर बौखला चुकी है।अजय चौटाला ने सम्मान दिवस रैली में उमड़ी भीड़ पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह सब प्रदेश की जनता के समर्थन के बलबूते सम्भव हो पाया है। सांसद अजय चौटाला ने बताया कि कांग्रेस सरकार के पास यह सूचना पंहुच चुकी थी कि सम्मान दिवस रैली में भारी भीड़ पंहुचने वाली है। सरकार ने बौखलाहट में कई अलोकतात्रिंक कदम उठाए। यहां तक कि भीम स्टेडियम में एक रात पहले समीप की नहर तोड़कर पानी छोड़ दिया गया व भिवानी शहर को आने वाले एक बाईपास का रातो-रात पत्थर डालकर सड़क रोक दी गई। भिवानी पंहुचने वाले रास्तों पर भी अवरोध पैदा किए गए। उन्होंने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भिवानी आने बारे चार दिन पहले डीसी भिवानी को फैक्स पर सूचना दे दी गई थी लेकिन रैली से एक दिन पहले तक भिवानी प्रशासन इंकार करता रहा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो अधिकारी सरकार की कठपुतली बनकर आम आदमी को परेशान करेगा, इनेलो शासन में उसे सबक सिखाया जाएगा। सांसद अजय चौटाला आज दोपहर बाद फतेहाबाद जिले के गांव तामसपुरा पंहुचे। सांसद अजय चौटाला ने बृहस्पतिवार को बड़ोपल के पास सड़क हादसे में मारे गए सभी पांचों इनेलो कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, इनेलो किसान प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष पूर्णसिंह डाबड़ा, राजेश गोदारा, कुलजीत कुलड़िया, इनेलो ब्लाक प्रधान सुरेंद्र लेगा व इंद्र गावड़ी, इनेलो प्रवक्ता प्रमोद बजाज, कृष्णा पूनिया, नरेंद्र चौधरी, राजेंद्र सूरा, पवन चुघ सहित कई इनेलो नेता मौजूद थे। गांव तामसपुरा जाने से पहले सांसद अजय चौटाला इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कुलजीत कुलड़िया के आवास पर रुके और दोपहर के भोज के बाद तामसपुरा रवाना हुए।
सांसद अजय चौटाला ने कहा कि हरियाणा में कांगेस शासनकाल की वास्तविकता यह है कि प्रदेश सरकार की सरकारी अधिकारियों पर कोई नियन्त्रण नही है। कांग्रेस से जुड़े नेता बौखला चुके है। उन्होंने बताया की प्रदेश में कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। कोई दिन ऐसा नही बीतता जब प्रदेश में कोई लूटपाट की बड़ी वारदात ना होती हो। प्रदेश में बिजली-पानी की स्थिति बदतर हो चुकी है । मुख्यमंत्री हुड्डा रोम के शासक नीरो की तरह बासुरी बजा रहे है। लगातार बढती मंहगाई पर सांसद अजय चौटाला ने कहा कि केंद्र सरकार ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया। लोगों को दो जून की रोटी मुश्किल हो चली है। सांसद अजय चौटाला ने कहा भिवानी की सम्मान दिवस रैली में पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने जो घोषणाए की है वे मात्र घोषणाए नही है। प्रदेश में इनेलो सरकार बनते ही एक कलम से सभी घोषणाओं को लागु कर दिया जाएगा।

No comments: