Saturday, October 04, 2008

व्यापारियों ने भी किया रोडजाम



फतेहाबाद,4 अक्तूबर(निस)। अनाजमंडी फतेहाबाद के मजदूरों द्वारा जारी हड़ताल से परेशान मंडी के आढतियों ने आज अम्बेदकर पार्क के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर आकर रोड़ जाम कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की प्रात: अनाजमंडी में 91 नम्बर दुकान के सामने धान की तुलाई कर रहे किसानों के साथ मंडी के मजदूरों ने हाथापाई की। इस घटना का पता चलते ही मंडी के व्यापारी व्यापार मंडल प्रधान टेकचंद मिढा की दुकान के सामने जमा हो गए। एसडीएम जयकृष्ण आभीर ने मौके पर पंहुचकर व्यापारियों को शांत करवाया। बाद में जिला प्रशासन की ओर से मुनादी करवाई गई कि धान की तुलाई कर रहे किसानों को रोकने की कोशिश करने वाले मजदूरों के विरुद्ध कड़ी कार्रव्ााई की जाएगी। व्यापार मंडल प्रधान टेकचंद मिढा ने कहा कि मंडी में अब किसी भी सूरत में मजदूरों की गुंडागर्दी सहन नही होगी। इनेलो व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण देहडू, सुबे सिंह व हरपाल बैनीवाल ने कहा कि अनाजमंडी में मजदूरों व आढतियों के बीच धान खरीद को लेकर चल रहे विवाद को सुलटाने के लिए प्रशासन कोई ठोस कदम नही उठा रहा है। लक्ष्मीनारायण देहडू ने कहा कि मंडी के मजदूरों की मजदूरी बढाने की मांग गलत है। उन्होंने बताया कि सिरसा, रतिया व टोहाना की मडिंयों में जो मजदूरी रेट है वही फतेहाबाद में है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अनाजमंडी फतेहाबाद में मामले को गम्भीरता से लेकर समाधान करवाना चाहिए। अनाजमंडी के मजदूरों व व्यापारियों के बीच जारी तनातनी के बीच शनिवार को अनाजमंडी में दुकान नं. 40 के पीछे वाले शैड के पास किसानों द्वारा की जा रही तुलाई का विरोध करने कुछ मजदूर पंहुचे तो किसानों ने एक मजदूर को पकड़ लिया। घटना के समय व्यापार मंडल प्रधान की दुकान पर व्यापारियों की बैठक चल रही थी। व्यापारी भी मौके पर पंहुच गए और पकड़े गए मजदूर की जमकर धुनाई कर दी व फिर उसे शहर पुलिस को सौंप दिया।

No comments: