Sunday, October 05, 2008

राजनैतिक संरक्षण प्राप्त अपराधों पर पूरी तरह अंकुश : अशोक बुवानीवाला


फतेहाबाद, 5 अक्तूबर (निस)। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जनता को भय व भ्रष्टाचार मुक्त शासन उपलब्ध करवाया है। अब राजनैतिक संरक्षण प्राप्त अपराधों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया गया है। यह बात मीडिया कोर्डिनेटर श्री अशोक बुवानीवाला ने आज स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में एक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराधों पर अंकुश के लिए अपराधियों के खिलाफ जोरदार कार्रवाई की उसी प्रकार भ्रष्टाचार को भी काबू किया। आज आम जनता कांग्रेस के राज से खुश है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री को विकास पुरूष बताते हुए कहा कि उन्ाके नेतृत्व में राज्य के सभी क्षेत्रों का समान रूप से विकास करवाया जा रहा है। बिजली की समस्या बारे उन्होंने कहा कि सरकार ने सत्ता में आते ही 23 हजार करोड़ रूपए की राशि बिजली व्यवस्था में सुधारीकरण के लिए निर्धारित की इसके अलावा पांच नए बिजली उत्पादन संयत्र लगाए जाने का कार्य प्रगति पर है। उनके निर्माण के बाद प्रदेश में बिजली पर्याप्त मात्रा में जनता को उपलब्ध होगी। जबकि पूर्व की सरकारों ने बिजली की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में व्यापारी वर्ग के साथ ज्यादतियां की। अब व्यापारी सम्मेलन कर उन्हें रिझाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनैलो का प्रदेश में जनाधार लगातार कम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि ब्लाक स्तर पर खेल स्टेडियमों का निर्माण करवाया जा रहा है। प्रत्येक स्टेडियम पर 50 लाख रूपए की राशि खर्च की जाएगी। इसी जिले में पांच खेल स्टेडियम का निर्माण प्रगति पर है। इन स्टेडियमों में खिलाड़ियों के लिए सभी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। ग्रामीण आंचल में छुपी हुई खेल प्रतिभाएं उजागर हो सकेंगी। प्रदेश में दो चरणों में सात हजार पीटीआई की नियुक्ति की जाएगी। सरकार ने हांसी-बुटाना लिंक नहर का निर्माण कार्य शुरू करवाया। इसके बनने से 15 जिले के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने पत्रकारों के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की है। पत्रकार पुरस्कार योजना शुरू की है। मान्यता प्राप्त पत्रकारों को यात्रा सीमा में बढ़ोतरी की है। इस अवसर पर देवीदयाल तायल, रामकुमार मंगल, वेद मंगल, अखिल भारतीय वैश्य समाज के जिला प्रधान विनोद बंसल, सचिव सुशील बंसल, आन्ान्द अग्रवाल, प्रवीण गर्ग सहित अग्र समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

No comments: